खंड 48 No. 4 (2024): प्राथमिक शिक्षक
Articles

हिंदी भाषा की पाठ्यपुस्तक ‘वीणा’ : संक्षिप्त परिचय

रवींद्र कुमार
सह-आचार्य, केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (CIET), राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (रा.शै.अ.प्र.प.), नई दिल्ली – 110016
सुरक्षा
सहायक आचार्य, डॉ. बी.आर. अंबेडकर कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बोधगया, बिहार – 824231

प्रकाशित 2026-07-13

सार

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय स्तर पर पाठ्यपुस्तकों का निर्माण स्थानीय पाठ्य-सामग्री, संदर्भों, परिवेश और सांस्कृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। प्रस्तुत लेख में हिंदी भाषा की पाठ्यपुस्तक ‘वीणा’ का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया है तथा इसके सभी अध्यायों का समालोचनात्मक अध्ययन किया गया है।

लेख के माध्यम से पाठ्यपुस्तक में समाहित रुचिकर, जिज्ञासापूर्ण, तल्लीनतापूर्ण तथा सहभागितापरक गतिविधियों का परिचय कराया गया है। ‘वीणा’ में रोचक कविताएँ, कहानियाँ, तथ्यात्मक निबंध, पत्र, समकालीन संवाद, एकांकियाँ तथा मनोरंजक पहेलियाँ सम्मिलित हैं। इनके आधार पर सीखने-सिखाने के लिए विविध प्रकार की गतिविधियाँ प्रस्तुत की गई हैं, जो बच्चों के भाषा-अधिगम को आनंददायक और प्रभावी बनाती हैं।

पाठ्यपुस्तक का उपयोग करते हुए शिक्षक स्थानीय खेलों, कला, संस्कृति तथा समुदाय आधारित अनुभवों को शिक्षण से जोड़कर नवाचारी शिक्षण-पद्धतियों का प्रयोग कर सकते हैं। इससे बच्चों को अपने परिवेश से जुड़कर सीखने के अवसर प्राप्त होते हैं।

पुस्तक में चयनित चित्रों, प्रसंगों और उदाहरणों में स्थानीयता को विशेष महत्व दिया गया है। इसके सभी अध्याय भारतीय पौराणिक कथा-परंपरा से लेकर आधुनिक और तकनीकी रूप से विकसित हो रहे नए भारत तक की विविध झलक प्रस्तुत करते हैं। यह विशेषता इस पाठ्यपुस्तक को भारतीय ज्ञान-परंपरा, संस्कृति और सभ्यता का संवाहक बनाती है।

पाठ्यपुस्तक स्थानीय खेलों, खोज, अवलोकन, प्रयोग तथा अनुभव-आधारित शिक्षण को प्रोत्साहित करती है। इसके माध्यम से बच्चों में भाषा कौशल के साथ-साथ रचनात्मकता, जिज्ञासा, चिंतन और अभिव्यक्ति क्षमता का भी विकास होता है।

अध्यायों से संबंधित महत्वपूर्ण ई-सामग्रियाँ, जैसे— ऑडियो, वीडियो, संप्रत्यय मानचित्र (Concept Maps), प्रश्नोत्तरी तथा अन्य डिजिटल संसाधन क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं। इन संसाधनों का उपयोग विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक तथा शिक्षा से जुड़े अन्य हितधारक कर सकते हैं।

इस प्रकार ‘वीणा’ पाठ्यपुस्तक राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा 2023 की भावना के अनुरूप बाल-केंद्रित, अनुभव-आधारित, बहुभाषिक, स्थानीय संदर्भों से युक्त तथा तकनीकी रूप से समृद्ध शिक्षण-अधिगम वातावरण का निर्माण करने का प्रयास करती है।