Published 2026-07-14
How to Cite
Share
Abstract
यह शोध पत्र माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विद्यालयी वातावरण के प्रभाव के अध्ययन पर आधारित है। इस शोध अध्ययन में न्यादर्श के रूप में बिहार राज्य के वैशाली जिला के अंतर्गत बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा मान्यता प्राप्त चार माध्यमिक विद्यालयों का स्तरीकृत यादृच्छिक न्यादर्श विधि द्वारा चयन किया गया।
चयनित विद्यालयों से कक्षा 10वीं (सत्र 2022–23) के 111 विद्यार्थियों को न्यादर्श के रूप में सम्मिलित किया गया। माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के विद्यालयी वातावरण का शोध अध्ययन करने हेतु के. एस. मिश्रा द्वारा निर्मित विद्यालयी वातावरण मापनी एवं मानसिक स्वास्थ्य के अध्ययन हेतु शोधकर्ता द्वारा निर्मित मापनी का उपयोग किया गया।
शोधार्थी द्वारा प्रदत्तों के विश्लेषण हेतु मध्यमान, मानक विचलन, प्रसरण विश्लेषण एवं सह-संबंध का उपयोग किया गया। इस शोध अध्ययन से ज्ञात हुआ कि अधिकांश विद्यार्थियों के अनुसार विद्यालयी वातावरण का स्तर औसत है और विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य का स्तर औसत है।
जबकि माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के विद्यालयी वातावरण के विभिन्न स्तरों का उनके मानसिक स्वास्थ्य पर सार्थक प्रभाव पाया गया एवं विद्यालयी वातावरण के विभिन्न स्तर विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं। साथ ही विद्यालयी वातावरण एवं मानसिक स्वास्थ्य के मध्य धनात्मक सह-संबंध पाया गया।
वर्तमान शोध अध्ययन विद्यालयी वातावरण को प्रभावी बनाने एवं विद्यार्थियों के सकारात्मक मानसिक स्वास्थ्य हेतु विद्यालय प्रशासकों, शिक्षकों एवं अन्य हितधारकों को उचित सुझाव प्रदान करने में सहायक होगा।