खंड 45 No. 3 (2026): भारतीय आधुनिक शिक्षा
Articles

कला समेकित शिक्षा प्रभाव, अनुभव एवं चुनौतियाँ

संतोष पाल
सहायक आचार्य, के.पी. ट्रेनिंग कॉलेज, प्रयागराज (इलाहाबाद विश्वविद्यालय का संघटक महाविद्यालय), उत्तर प्रदेश 211001

प्रकाशित 2026-07-14

##plugins.generic.shariff.share##

सार

कला समेकित शिक्षा (आर्ट इंटीग्रेटिड लर्निंग, ए.आई.एल.) एक अभिनव शैक्षिक दृष्‍टिकोण है जिसमें कला, जैसे— दृश्य कला, संगीत, नृत्य तथा नाटक को शिक्षा प्रक्रिया में समाहित किया जाता है। यह विधि न केवल विद्यार्थियों की संकल्पनात्मक समझ को बढ़ाती है बल्कि उनकी रचनात्मकता, आलोचनात्मक सोच एवं भावनात्मक विकास को भी बढ़ावा देती है। यह शोध-पत्र, शोधार्थी द्वारा कला समेलित शिक्षा पर किए गए शोध अध्ययन पर आधारित है। इस शोध अध्ययन में मध्य विद्यालय (कक्षा 6–8) की कक्षाओं में कला समेकित शिक्षा के कार्यान्वयन तथा प्रभाव का विश्‍लेषण किया गया है, जिसमें 53 शिक्षकों का उद्देश्यपूर्ण न्यादर्श तकनीक से चयन कर प्रदत्त संकलित किए गए। इस शोध अध्ययन का उद्देश्य शिक्षकों के कला समेकित शिक्षा के प्रति जागरूकता, अनुभव, चुनौतियाँ और दृष्‍टिकोणों का मूल्यांकन करना था। परिणामों से यह ज्ञात हुआ कि अधिकांश शिक्षक कला समेकित शिक्षा से परिचित हैं लेकिन अधिकांश शिक्षक इसके सैद्धांतिक पहलुओं को लेकर पूर्ण रूप से जागरूक नहीं थे। इसके बावजूद कई शिक्षकों ने कला समेकित शिक्षा को अपने शिक्षण में सफलतापूर्वक समाहित किया है तथा विद्यार्थियों की रचनात्मकता, समस्या-समाधान एवं सामाजिक कौशल पर इसके सकारात्मक प्रभावों को पहचाना है। हालाँकि, संसाधनों की कमी, समय की सीमा तथा पाठ्यक्रम के दबाव जैसी चुनौतियाँ भी सामने आईं हैं। साथ ही, यह भी अनुभव किया गया कि इस संदर्भ में शिक्षकों के पेशेवर विकास और संस्थागत समर्थन की आवश्यकता है। इस शोध अध्ययन के परिणाम इस बात पर बल देते हैं कि कला समेकित शिक्षा के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए संस्थागत समर्थन और विशेष प्रशिक्षण आवश्यक है। कला समेकित शिक्षा विद्यार्थियों के शैक्षिक अनुभवों को समृद्ध करने की क्षमता रखती है लेकिन इसके सफल कार्यान्वयन के लिए मौजूदा चुनौतियों को संस्थागत सहयोग और पर्याप्त समर्थन के माध्यम से पार किया जा सकता है।