Published 2026-07-14
How to Cite
Share
Abstract
यह शोध पत्र शोधार्थी द्वारा किए गए माध्यमिक विद्यालयों (सरकारी एवं निजी) में अध्ययनरत विद्यार्थियों के शैक्षिक समायोजन एवं सामाजिक समायोजन स्तर के तुलनात्मक शोध अध्ययन पर आधारित है। शोधार्थी द्वारा इस शोध अध्ययन में वर्णनात्मक या सर्वेक्षण विधि का प्रयोग किया गया था। इस शोध अध्ययन के लिए शोधार्थी ने उत्तराखंड के चम्पावत जनपद के लोहाघाट विकासखंड के 5 सरकारी एवं 5 निजी विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों का यादृच्छिक विधि से चयन किया गया था। प्रदत्तों का संकलन सिन्हा एवं सिन्हा (2007) द्वारा निर्मित स्कूल समायोजन तालिका मानकीकृत उपकरण द्वारा किया गया। प्रदत्तों का विश्लेषण माध्य, मानक विचलन एवं टी-परीक्षण द्वारा किया गया था। इस शोध अध्ययन में निष्कर्ष रूप में पाया गया कि माध्यमिक स्तर पर अध्ययनरत सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के मध्य शैक्षिक समायोजन स्तर में सार्थक अंतर पाया गया तथा छात्रों का शैक्षिक समायोजन स्तर छात्राओं से बेहतर पाया गया। वहीं माध्यमिक स्तर पर अध्ययनरत निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के मध्य शैक्षिक समायोजन स्तर में सार्थक अंतर नहीं पाया गया तथा छात्राओं का शैक्षिक समायोजन स्तर छात्रों से बेहतर पाया गया। जबकि माध्यमिक स्तर पर अध्ययनरत सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के मध्य सामाजिक समायोजन स्तर में सार्थक अंतर पाया गया तथा छात्राओं की अपेक्षा छात्रों का सामाजिक समायोजन स्तर बेहतर पाया गया। वहीं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के मध्य सामाजिक समायोजन स्तर में सार्थक अंतर पाया गया एवं छात्राओं का सामाजिक समायोजन स्तर छात्रों से बेहतर पाया गया है।