खंड 48 No. 3 (2024): प्राथमिक शिक्षक
Articles

विद्या प्रवेश — स्कूली शिक्षा को सुदृढ़ बनाने हेतु बुनियादी स्तर के शिक्षकों के लिए उपयोगी कार्यक्रम

पद्मा यादव
आचार्य, प्रारंभिक शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (रा.शै.अ.प्र.प.), श्री अरविंद मार्ग, नई दिल्ली – 110016

प्रकाशित 2026-07-13

सार

विद्या प्रवेश, निपुण भारत (NIPUN Bharat — National Initiative for Proficiency in Reading with Understanding and Numeracy) मिशन का एक महत्वपूर्ण भाग है। विद्या प्रवेश को विशेष रूप से कक्षा 1 में प्रवेश लेने वाले बच्चों के लिए तीन माह के ‘स्कूल तैयारी मॉड्यूल’ (School Preparation Module) के रूप में विकसित किया गया है। इसे कक्षा 1 के आरंभ में पहले तीन महीनों के दौरान लागू किया जाता है।

इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के लिए विद्यालयी जीवन की शुरुआत को सहज, आनंदमय और अनुकूल बनाना है, ताकि उनका विद्यालय में मन लगे और वे उत्साहपूर्वक आगे की पढ़ाई जारी रख सकें। यह कार्यक्रम निपुण भारत मिशन के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। संभव है कि कुछ राज्यों में यह कार्यक्रम किसी अन्य नाम से संचालित हो रहा हो, किंतु अधिकांश राज्यों में इसे ‘विद्या प्रवेश’ के नाम से ही जाना जाता है।

यह मॉड्यूल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की अनुशंसाओं के अनुरूप राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) द्वारा विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को विद्यालयी वातावरण से परिचित कराना तथा उनके सामाजिक, भावनात्मक, भाषायी और संज्ञानात्मक विकास को सुदृढ़ आधार प्रदान करना है।

पिछले कुछ वर्षों से विद्या प्रवेश के संबंध में निरंतर प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं, फिर भी इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अभी और कार्य किए जाने की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक लागू करने में विद्यालय प्रमुख की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यालय प्रमुख को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त हो, ताकि वे कार्यक्रम के उद्देश्यों और गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर सकें।

विद्या प्रवेश कार्यक्रम का लाभ तभी बच्चों तक पहुँच सकता है जब शिक्षक इसकी अवधारणा, गतिविधियों तथा शिक्षण-पद्धतियों को भली-भाँति समझकर उनका उपयोग करें। इसलिए शिक्षकों और विद्यालय प्रमुखों के लिए इस कार्यक्रम का समुचित प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।

प्रस्तुत लेख के माध्यम से शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर एनसीईआरटी द्वारा विकसित विद्या प्रवेश मॉड्यूल तथा उससे संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान करने का प्रयास किया गया है। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान ध्यान देने योग्य महत्वपूर्ण बिंदुओं तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित सुझावों पर भी प्रकाश डाला गया है।