प्रकाशित 2026-07-13
##submission.howToCite##
सार
राष्ट्र की उन्नति में शिक्षा सबसे सशक्त माध्यम के रूप में सामने आई है। शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र के विकास को उत्तरोत्तर उन्नति के शिखर पर ले जाया जा सकता है। समाज में परिवर्तन अपेक्षित है; बदलते समय के साथ समायोजन स्थापित करने में भी शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए समाज में विद्यालयों की स्थापना की जाती है। विद्यालय औपचारिक शिक्षा का एक प्रभावशाली माध्यम है, जिसमें शिक्षा के उद्देश्यों को ध्यान में रखकर पाठ्यचर्या का निर्माण कर उसे लागू किया जाता है। पाठ्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से व्यवहार में लाने के लिए पाठ्यपुस्तकों का निर्माण किया जाता है। प्रस्तुत शोध में कक्षा 3 की हिंदी की पाठ्यपुस्तक ‘वीणा 1’ का विश्लेषणात्मक अध्ययन करने का प्रयास किया जा रहा है। यह पाठ्यपुस्तक राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं विद्यालयी शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (एन.सी.एफ.-एस.ई.) 2023 के संकल्प के अनुरूप तैयार की गई है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा इस पुस्तक के माध्यम से शैक्षिक गुणवत्ता में संवर्धन करने का प्रयास किया गया है। हिंदी भाषा की ‘वीणा’ पुस्तक के माध्यम से बच्चों में भाषायी कौशलों तथा समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसमें एकीकृत और बहु-विषयक उपागमों का भी प्रयोग किया गया है। प्रस्तुत लेख में हिंदी पाठ्यपुस्तक ‘वीणा 1’ के विषय में यह जानने का प्रयास किया गया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के निर्धारित उद्देश्यों तथा अपेक्षाओं को पूरा करने में यह पुस्तक कितनी सक्षम है।