Published 2026-07-13
How to Cite
Abstract
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारत को 21वीं सदी की चुनौतिपूर्ण आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने तथा सक्षम, जागरूक और उत्तरदायी नागरिक तैयार करने की दिशा में एक परिवर्तनकारी पहल है। विद्यालयी शिक्षा के लिए विकसित राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (NCF-SE 2023) इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) इन्हीं सिद्धांतों और उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए पाठ्यपुस्तकों का निर्माण करती है।
कक्षा 3 की पाठ्यपुस्तक ‘गणित मेला’ का उद्देश्य बच्चों में संज्ञानात्मक, भावनात्मक, रचनात्मक तथा क्रियात्मक विकास को प्रोत्साहित करना है। इन सभी आयामों को ध्यान में रखते हुए यह पुस्तक गणित शिक्षण के लिए तैयार की गई है। पुस्तक का प्रमुख उद्देश्य बच्चों में गणितीय सोच, तार्किक चिंतन तथा समस्या-समाधान क्षमता की मजबूत आधारशिला तैयार करना है।
बच्चों की बदलती शैक्षिक आवश्यकताओं तथा समयानुकूल विकास को ध्यान में रखते हुए पाठ्यपुस्तकों का समय-समय पर विश्लेषण किया जाना आवश्यक है, ताकि उनकी शैक्षिक गुणवत्ता और प्रासंगिकता बनी रहे। प्रस्तुत अध्ययन में ‘गणित मेला’ पाठ्यपुस्तक का विभिन्न मानदंडों के आधार पर विश्लेषण किया गया है।
विश्लेषण के प्रमुख आयामों में बाह्य आवरण, विषयवस्तु का संगठन, वाक्य-विन्यास, सामग्री एवं विषय का प्रस्तुतीकरण, अधिगम-केंद्रित दृष्टिकोण, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) का एकीकरण तथा विभिन्न क्रॉस-कटिंग थीम्स को सम्मिलित किया गया है।
इन क्रॉस-कटिंग थीम्स में समावेशन, नैतिक मूल्य, लोकतांत्रिक मूल्य, भारतीयता की भावना, जेंडर संवेदनशीलता, सांस्कृतिक संवेदनशीलता, मूल्यांकन तथा प्रतिपुष्टि (Feedback) जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है।
यह आलेख इस बात का संक्षिप्त विश्लेषण प्रस्तुत करता है कि कक्षा 3 की गणित पाठ्यपुस्तक ‘गणित मेला’ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा विद्यालयी शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा 2023 के अंतर्निहित सिद्धांतों, उद्देश्यों और मूल अवधारणाओं का किस स्तर तक समावेश किया गया है। साथ ही यह अध्ययन पाठ्यपुस्तक की शैक्षिक उपयोगिता, बाल-केंद्रितता तथा समग्र अधिगम को प्रोत्साहित करने की क्षमता का भी मूल्यांकन करता है।