प्राथमिक अध्यापकों हेतु बहुसांस्कृतिक शिक्षा का शैक्षिक निहितार्थ
प्रकाशित 2026-07-13
##submission.howToCite##
सार
बहुसांस्कृतिक शिक्षा, शिक्षा-शिक्षण और शिक्षण-अधिगम का एक ऐसा दृष्टिकोण है जो लोकतांत्रिक मूल्यों और विश्वासों पर आधारित है तथा सांस्कृतिक रूप से विविध समाजों और विश्व के भीतर सांस्कृतिक विभिन्नता को बढ़ावा देना चाहता है। यह प्रत्येक संस्थान, अध्यापकों और विद्यार्थियों के साथ-साथ माता-पिता के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है।
बहुसांस्कृतिक कक्षा विभिन्न संस्कृतियों के विद्यार्थियों को उनके अनुभवों, ज्ञान, दृष्टिकोण और अंतर्दृष्टि के विशाल कार्यक्षेत्र को साझा करने का अवसर प्रदान करती है, जिसमें अध्यापक अपनी अहम भूमिका निभा सकते हैं।
बहुसांस्कृतिक शिक्षा, तेजी से बदलते जनांकिकीय परिवेश के कारण शिक्षा में हो रहे विकास के लिए रणनीतियों एवं शैक्षिक सामग्रियों का एक समुच्चय है, जो विभिन्न सांस्कृतिक परिवेश के लोगों को अपनी संस्कृति को बनाए रखते हुए अन्य की संस्कृति का सम्मान करना भी सिखाती है।
बहुसांस्कृतिक शिक्षा विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धियों को प्रभावशाली बनाने के साथ-साथ उन्हें और अधिक उन्नत करने का मार्ग प्रशस्त करती है। यह शिक्षा विद्यालयों की कक्षा संरचना एवं पहले से चली आ रही शिक्षण प्रक्रियाओं एवं नियमों में एक सुधार आंदोलन के रूप में भी अपना योगदान देती है।
प्राथमिक स्तर के अध्यापकों को बहुसांस्कृतिक शिक्षा के बारे में जानने की आवश्यकता क्यों है? विद्यालयों को बहुसांस्कृतिक शिक्षा की आवश्यकता क्यों है? अथवा विद्यालयों को बहुसांस्कृतिक शिक्षा को क्यों अपनाना चाहिए? इन प्रश्नों को ध्यान में रखकर शोधार्थी द्वारा प्रस्तुत लेख का लेखन कार्य किया गया है।
प्रस्तुत लेख द्वितीयक आँकड़ों पर आधारित है, जिसमें शोधार्थी द्वारा विभिन्न शोध-पत्रों एवं लेखों का अध्ययन करने के उपरांत विश्लेषणात्मक रूप से समीक्षा की गई है।