खंड 49 No. 1 (2025): प्राथमिक शिक्षक
Articles

ऑगमेंटेड रियलिटी—एक प्रभावी तकनीक

मुरलीधर मारकण्डेय
सीनियर रिसर्च फेलो, शिक्षा संकाय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय – 221005
नागेंद्र कुमार
प्रोफेसर, शिक्षा संकाय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय – 221005

प्रकाशित 2026-07-13

सार

ऑगमेंटेड रियलिटी (ए.आर.) तकनीक शिक्षण को रोमांचक बनाने के लिए प्रयुक्त की जाती है, जो विद्यार्थियों की शैक्षिक उपलब्धि बढ़ाने, ज्ञान को अद्यतन करने, प्रश्नों को हल करने, अभिप्रेरणा, अवधारणा की व्यापक समझ और अनुप्रयोग तथा विषय के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण रूप से सहायता करती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 प्रौद्योगिकी की तेज गति से प्रगति और शिक्षा को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित करने की इसकी क्षमता को स्वीकार करती है। राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा 2023 शिक्षण-अधिगम और मूल्यांकन प्रक्रियाओं में सुधार करने, शिक्षकों की तैयारी और व्यावसायिक विकास का समर्थन करने, शैक्षिक पहुँच बढ़ाने तथा शैक्षिक योजना, प्रबंधन और प्रशासन को सुव्यवस्थित करने में ऑगमेंटेड रियलिटी के उपयोग की विशाल संभावनाओं को रेखांकित करती है। ए.आर. द्वारा विद्यार्थी अमूर्त अवधारणाओं का विजुअलाइजेशन, रचनात्मकता, सहयोगात्मक शिक्षण तथा प्रायोगिक ज्ञान प्राप्त करने के कौशल को विकसित करते हैं। हालाँकि, ए.आर. के प्रयोग हेतु विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आधुनिक स्मार्टफोन, टैबलेट या ए.आर. हेडसेट की आवश्यकता होती है। ग्रामीण या दूर-दराज के क्षेत्रों में उच्च गति वाले इंटरनेट की कमी, ए.आर. उपकरणों के रख-रखाव, प्रशिक्षित शिक्षकों की कमी तथा छोटे संस्थानों की आर्थिक समस्याओं के कारण ए.आर. का उपयोग जटिल हो सकता है। अतः आधुनिक समय की आवश्यकता को देखते हुए यदि शिक्षा मंत्रालय द्वारा ए.आर. संबंधी उचित कार्य-योजना लागू की जाए, तो इसके उपयोग से शिक्षण-अधिगम को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है, जिससे विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में वृद्धि देखने को मिलेगी।