प्रकाशित 2026-07-14
##submission.howToCite##
##plugins.generic.shariff.share##
सार
बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद विशेष रूप से अनुसंधान, विकास, प्रशिक्षण एवं विस्तार सेवाओं के क्षेत्र में कार्य करती है। परिषद द्वारा प्रकाशित विभिन्न पत्रिकाओं में अनुसंधान, समीक्षा तथा शिक्षा से संबंधित विविध मुद्दों को सम्मिलित किया जाता है। इन्हीं में से एक त्रैमासिक पत्रिका प्राथमिक शिक्षक है।
यह पत्रिका विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों, प्रशासकों तथा नीति-निर्माताओं को शिक्षा से संबंधित नए विचारों, समीक्षाओं, शैक्षिक समस्याओं एवं उनके समाधानों, अनुभवों तथा परिणामों को साझा करने के लिए एक मंच प्रदान करती है।
इस शोध-पत्र में प्राथमिक शिक्षक पत्रिका में वर्ष 2013 से 2022 तक प्रकाशित लेखों, शोध-पत्रों एवं समीक्षाओं का प्रवृत्ति (ट्रेंड) विश्लेषणात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया गया है। अध्ययन का उद्देश्य प्रकाशनों की संख्या, विषयगत विविधता, लेखकों की सहभागिता, लेखों एवं शोध-पत्रों की पृष्ठ-संख्या के अनुसार वितरण तथा उनमें दिए गए संदर्भों की संख्या के वितरण का अध्ययन करना था।
अध्ययन के निष्कर्षों से ज्ञात हुआ कि एक दशक के दौरान प्राथमिक शिक्षक पत्रिका में कुल 525 लेखों एवं शोध-पत्रों का प्रकाशन हुआ। इनमें से 47.43 प्रतिशत लेखों एवं शोध-पत्रों की पृष्ठ-संख्या 6 से 10 के मध्य पाई गई, जो सर्वाधिक थी। यह पत्रिका प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों एवं उत्कृष्ट प्रयासों को साझा करने का कार्य करती है।
इसके साथ ही, यह पाठकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत नवाचारी शिक्षण-अधिगम एवं आकलन प्रक्रियाओं पर चिंतन-मनन तथा नवीन अभ्यासों को अपनाने के लिए भी मार्गदर्शन प्रदान करती है।